
आपकी खबरें न्यूज
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बारह मील जमरावा मोड़ पर एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। इस दुर्घटना में जहां पत्नी की मौत हो गई, वहीं पति जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।
पटाखा बना रहे थे पति-पत्नी
रविवार की सुबह लगभग दस बजे हुआ हादसा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जमरावा निवासी वीरेंद्र (47) और उनकी पत्नी विमला (40) फैक्ट्री के कमरा में पटाखा बना रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी कारणवश आग लग गई।
आग लगने के बाद हुआ विस्फोट
जब तक दंपती बाहर भागने की सोचते, तब तक आग के बीच भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवार की ईंटें ताश की पत्तो की तरह बिखर गए। हादसे में पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, घायल को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया।
सूचना पर हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक, सीओ सिटी महेंद्र पाल सिंह और सीएमओ राजीव नयन गिरी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का हाल जाना।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि थाना हुसैनगंज के जमरावा गांव में सूचना प्राप्त हुई थी एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया है। मौके पर आने पर पता चला कि वीरेंद्र पासवान और उनकी पत्नी विमला गंभीर रूप से घायल हो गए है। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने विमला को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र पासवान का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ये लोग सरकारी लाइसेंस के अनुसार पटाखे बनाते थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वीरेंद्र पासवान पांच भाइयों में सबसे बड़े हैं राजकुमार (40), रामकुमार (35), शिवकुमार (39), ओमकरण (30) और दो बेटे प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बड़ा बेटा राजू (24) यूपीएससी की तैयारी कर रहा है जबकि छोटा बेटा (22) एसएससी की तैयारी कर रहे है।

