
आपकी खबरें न्यूज
चिरईगांव/वाराणसी संवाददाता।
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शनिवार की शाम चिरईगांव ब्लाक का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय सहित सभी पटलों की स्थिति देखी। अधिकांश कार्यालयों के सामने गंदा पानी और गंदगी जमा देख भड़क उठे। उन्होंने खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र नारायण द्विवेदी और एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह से कड़े शब्दों में पूछा कि जब मुख्यालय की हालत इतनी खराब है तो गांवों की स्थिति कैसी होगी। डीएम ने एडीओ पंचायत कार्यालय के कर्मचारी से आईजीआरएस पोर्टल की रिपोर्ट मांगी तो कर्मचारी बगले झांकने लगा। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त लहजे में सुधरने की चेतावनी दी।
मनरेगा कार्यालय की दीवारों में सीलन और गंदगी देख पटल के अधिकारियों को फटकार लगाई। ब्लॉक कार्यालय की दीवारों में भी जगह-जगह सीलन और मकड़ी के झाले लगे हुए थे। जिस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की जमकर क्लास ली। ब्लाक सभागार में ताला लटका देख डीएम का तेवर कड़ा हो गया उन्होंने तत्काल ताला खुलवाया और अन्दर फैली गंदगी देख बीडीओ को जमकर फटकार लगायी।
बीडीओ आवास में ताला लटका देख भड़के जिलाधिकारी
खण्ड विकास अधिकारी आवास देखने पहुंचे तो वहां भी ताला लटका होने का कारण जानना चाहा उन्होंने कहा कि जब अधिकारी तैनात हैं तो आवास पर ताला क्यों लटका है?
डीएम ने फटकार लगाते हुए ने कहा कि जब ब्लॉक स्तर पर ही सफाई और व्यवस्था का यह हाल है, तो गांवों में सुधार कैसे संभव है। ब्लाक परिसर में चार जगह बने शौचालयों को देखकर डीएम ने बीडीओ से पूछा कि मनमाने तरीके से कितने शौचालय बने हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और शीघ्र पुनः निरीक्षण करने की चेतावनी दी। डीएम के आगमन की सूचना मिलते ही सभी अधिकारी कर्मचारी जल्दी से ब्लॉक मुख्यालय पर उपस्थित हो गए। उक्त अवसर पर एडीओ आई एस बी दुर्गेश सिंह, एडीओ सांख्यिकी हवलदार यादव एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह सहित सभी पटलों के प्रभारी उपस्थित रहे।