
आपकी खबरें न्यूज
कानपुर संवाददाता।
जाजमऊ में सोमवार सुबह बारिश के दौरान बाजपेई नगर ऊंचा टीले का हिस्सा सुबह करीब 11 बजे ढह गया। इस दौरान टीले के नीचे बने कच्चे घर का चबूतरा बना रहे बुजुर्ग दंपती टीले के मलबे में दब गए। यह देख उनके स्वजनों ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें आधे घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें कांशीराम अस्पताल लाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टर ने बुजुर्ग महिला को मृत घोषित किया।
वहीं,उसके पति का प्राथमिक उपचार हुआ। घटना की जानकारी पर एसडीएम सदर और एसीपी कैंट भी अस्पताल और घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जाजमऊ के जिन्नातो मस्जिद बाजपेई नगर ऊंचा टीला गंगाघाट निवासी मो शफीक अपनी 58 वर्षीय पत्नी अनीस फातिमा के साथ कच्ची घर की झोपड़ी बनाकर रहते हैं। वह मजदूरी कर अपने साथ पत्नी का पेट पालते हैं। वहीं पड़ोस में उनके दोनों शादीशुदा बेटे मो हफीज और मो हसीब अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिसमें हसीब लोडर चलाता है, वहीं हफीज मजदूरी करता है। घटना में मलबे में दबकर घायल हुए शफीक के बड़े बेटे हफीज ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से अब्बू के घर के चबूतरे की मिट्टी बह रही थी। जिसे पन्नी लगाकर ठीक करने के लिए सोमवार सुबह उनके माता पिता घर से बाहर थे। इस दौरान बारिश भी हो रही थी। इस दौरान अचानक से ऊपर से टीले का हिस्सा भरभराकर उन दोनों पर गिर गया। जिसके मलबे में मां अनीस पूरी तरह मलबे में दब गईं। वहीं पिता मो शरीफ का आधा शरीर हिस्सा दबा था। इस दौरान वह घर पर थे, बाहर जाने के लिए कपड़े पहन रहे थे।

टीले से मिट्टी गिरने तेज आवाज सुनकर घर से बाहर की ओर भागे। फिर पड़ोसियों की मदद से दोनों लोगों की मिट्टी से बाहर निकाला। जहां मां की हालत नाजुक थी, तो उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गए। जहां पर मां अनीस फातिमा को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मामूली रूप से घायल पिता को इलाके के निजी अस्पताल ले गए। इसके बाद उनकी भी कांशीराम अस्पताल में जांच हुई। फिर उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी पर जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। साथ ही घायल शरीफ से घटना के बारे पूछताछ कर बयान लिए। उन्होंने बताया कि टीले का हिस्सा ढहने से घटना हुई है। वहीं घटना के बाद दोपहर कांशीराम अस्पताल पहुंचे एसडीएम सदर अविनव सिंह, एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी की। साथ ही उन्हें ढांढस बंधाया। कहा कि वह मौके पर भी जाकर जांच करेंगे। परिवार की संभव मदद की जाएगी। इस दौरान वार्ड के के पार्षद फखर इकबाल ने कहा कि पहले भी टीले से मिट्टी, मलबा गिरने से कई घटनाएं हो चुकी हैं। जरूरी है कि बारिश के दौरान किनारे रहने लोगों सतर्क रहना चाहिए।

