निःशुल्क लगेंगे स्मार्ट मीटर-एसडीएम आशीष सिंह

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज
अमेठी (नि.) संवाद।

बिजली उपभोक्ताओं की सुविधाओं में इजाफा करते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने अमेठी तहसील सहित पूरे प्रदेश में स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उप जिलाधिकारी अमेठी आशीष सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर योजना उपभोक्ताओं के लिए कई वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान है। इससे उपभोक्ता को हर माह मीटर रीडिंग के झंझट, गलत बिल, बकाया राशि के बोझ, लेट फीस और किरायेदार-मकान मालिक के बीच बिल विवाद जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली उपभोक्ता को अपने बिजली खर्च पर स्वयं नियंत्रण रखने की सुविधा देगी और डिजिटल रूप से मजबूत बनाएगी। स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह प्री-पेड सिस्टम पर आधारित है, यानी जितनी बिजली खर्च करेंगे, उतना ही भुगतान करना होगा। इससे भारी-भरकम बिल की संभावना समाप्त हो जाएगी और उपभोक्ता अपने मासिक बजट अनुसार बिजली खपत को नियंत्रित कर सकेगा। इस प्रणाली में रिचार्ज की सुविधा भी मोबाइल या ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी विशेष लाभ मिलेगा।

साथ ही, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली दरों पर 2 प्रतिशत की छूट भी देगा। बिजली फॉल्ट या सप्लाई बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ता को तुरंत सूचना प्राप्त होगी। भविष्य में यदि उपभोक्ता अपने कनेक्शन से सोलर पैनल या ईवी चार्जिंग सिस्टम जोड़ना चाहे तो मीटर बदलवाने की कोई आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि स्मार्ट मीटर इसके लिए पहले से सक्षम होंगे। उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष सिंह ने कहा कि वर्तमान सभी बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर बिना किसी शुल्क के लगाए जाएंगे। पुराने मीटर को हटाने और नए मीटर को लगाने की संपूर्ण प्रक्रिया निःशुल्क होगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इस कार्य में विभाग को सहयोग दें। सभी मीटर घर के बाहर लगाए जाएंगे ताकि रीडिंग और रखरखाव में सुविधा हो सके।

error: Content is protected !!