
आपकी खबरें न्यूज
कानपुर संवाद सूत्र।
पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर रही भारतीय सेना के हमलों के बाद सीमा पर तनाव बढ़ा है। इससे पंजाब व जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाली ट्रेनों पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। दो दिन में लगभग 67 सौ लोगों ने इन राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में टिकट रद करा दिए हैं। पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी घटना में हुईं मौतों के बाद दूसरे दिन ही जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाले 8700 व 30 अप्रैल तक 5349 और लोगों समेत 14,049 यात्रियों ने टिकट रद करा लिया है।
सात मई की रात में पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद 5397 टिकट और रद कराए गए। ये टिकट जम्मू-कश्मीर समेत हिल स्टेशनों शिमला, मनाली, मसूरी, दार्जिलिंग, ऊटी, महाबलेश्वर, नैनीताल की ओर जाने वालों के हैं। ले चुके हैं। पहले आतंकी घटना व फिर एयर स्ट्राइक के बाद अब लोग घर से नहीं निकलना चाह रहे हैं।
गुरुवार को पाकिस्तान व भारत के बीच तनाव बढ़ने के बाद अब सेंट्रल स्टेशन से चलने वाली कानपुर सेंट्रल-जम्मू तवी साप्ताहिक व स्टेशन के रास्ते गुजरने वाली मुरी एक्सप्रेस, मां वैष्णो धाम कटड़ा एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हो सकती हैं।
सेंट्रल स्टेशन के निदेशक आशुतोष सिंह ने बताया कि अभी ट्रेनों के परिचालन को लेकर कोई निर्देश नहीं आए हैं। हालात बिगड़ने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

