
आपकी खबरें न्यूज
कल्यानपुर फतेहपुर संवाददाता।
उधार के पैसे मांगना युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट की गई। साथ ही पीड़ित की मां को नौकरी न करने देने के साथ दोबारा दिखाई देने पर मां-बेटे दोनों को आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गाली गलौज कर मारपीट की
जानकारी के मुताबिक, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर गांव निवासी कमल पांडेय ने बताया कि उसकी मां इंदु मिश्रा थाना क्षेत्र के ही रेवाड़ी स्थित स्वर्गीय हरबंस सिंह इंटर कॉलेज में नौकरी करती हैं। बीते 23 अप्रैल को रेवाड़ी के रहने वाले उपेंद्र अग्निहोत्री ने कमल की मां इंदु मिश्रा से 10 हज़ार रुपये उधार लिए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह कमल अपनी मां को स्कूल छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस बीच रेवाड़ी नगर नहर के पास उपेंद्र मिला तो कमल ने वादे के मुताबिक मां से लिए गए उधार पैसे वापस मांगे तो बेवजह मुझे और मेरी मां को गाली गलौज करने लगा। मना करने पर लाठी डंडों से मारा पीटा। इतना ही नहीं आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि इंटर कॉलेज में तुम्हारी मां को नौकरी नहीं करने दूंगा, दोबारा अगर इधर दिखाई दिए तो मां-बेटे दोनों को जान से मार दूंगा।
पुलिस ने जांच की शुरू
थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट के अलावा अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।