
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज-फतेहपुर मार्ग पर जय जगन्नाथ मोटर्स (होंडा एजेंसी) का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर एवं भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी के नवीन शोरूम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भारी मौजूदगी रही। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने अमित तिवारी को नए प्रतिष्ठान की शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र में होंडा एजेंसी खुलने से ग्रामीणों को बेहतर वाहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को वाहन खरीदने के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा।
इस मौके पर प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अमित तिवारी ने बताया कि अब तक क्षेत्रीय ग्रामीणों को दोपहिया वाहन खरीदने के लिए करीब 13 से 15 किलोमीटर दूर जनपद मुख्यालय जाना पड़ता था। भगवान जगन्नाथ की कृपा से अब क्षेत्र में ही लोगों को उचित एवं पारदर्शी दरों पर होंडा के वाहन उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि शोरूम में होंडा की शाइन, एसपी-125, एक्टिवा सहित कंपनी के विभिन्न लोकप्रिय मॉडल उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा ग्राहकों की सुविधा के लिए आसान फाइनेंस विकल्प, एक्सचेंज ऑफर, आधुनिक वर्कशॉप और असली स्पेयर पार्ट्स की व्यवस्था भी की गई है। उनका उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता के साथ विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी ने कहा कि वर्ष 2020 में उनके छोटे भाई को ब्लॉक प्रमुख बनाने के पीछे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा का उद्देश्य था। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र की निर्धन बेटियों की शादी में यदि दहेज संबंधी जरूरत के चलते मोटरसाइकिल की आवश्यकता होती है, तो उन्हें खरीद मूल्य पर ही बाइक उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर शोरूम की ओर से दिए जाने वाले विशेष ऑफरों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।
अमित तिवारी ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उद्घाटन के पहले ही दिन शोरूम में नई गाड़ियों को देखने और बुकिंग कराने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी और होंडा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


