खागा हाईवे पर डीजल चोरों का आतंक,दो ट्रकों से डीजल पार

आपकी खबरें न्यूज,
खागा फतेहपुर संवाददाता।

खागा हाईवे पर डीजल चोरों की सक्रियता से ट्रक चालकों की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार भोर करीब तीन बजे बाबा ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों से चोरों ने डीजल चोरी कर लिया। ट्रक चालकों को इसकी जानकारी तब हुई, जब उन्होंने डीजल टैंक के पास गैलन और पाइप पड़ा देखा। चालकों के जागने पर चोर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चौडगरा निवासी ट्रक चालक गोबिंद कुमार ने बताया कि रात में ट्रक का टायर फट जाने के कारण उन्होंने अपना वाहन हाईवे किनारे खड़ा कर दिया था। इसके बाद वह ट्रक में ही सो गए। शनिवार भोर करीब साढ़े तीन बजे हेल्पर को कुछ आहट सुनाई दी। उसने बाहर झांककर देखा तो डीजल टैंक के पास एक गैलन रखा था और पाइप के जरिए डीजल निकाला जा रहा था।


आहट मिलने पर चालक और हेल्पर नीचे उतरने लगे तभी ट्रक के आगे खड़ी चार पहिया गाड़ी से आए लोग गैलन और पाइप छोड़कर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। हालांकि चालक के मुताबिक नंबर के शुरुआती अंकों से गाड़ी राजस्थान की प्रतीत हो रही थी।
इसी स्थान पर खड़े एक अन्य ट्रक से भी डीजल चोरी होने की जानकारी सामने आई है। हाईवे पर एक ही रात में दो ट्रकों से डीजल चोरी होने की घटना से ट्रक चालकों में चिंता है।

error: Content is protected !!