
आपकी खबरें न्यूज,
हथगांव फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव में गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों में से एक का शव शुक्रवार को तीसरे दिन बरामद हुआ। आलमपुर नरही गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर हथगांव थाना क्षेत्र के समोपुर घाट पर स्थानीय नाविकों ने 13 वर्षीय पुष्पेंद्र पाल का शव बरामद किया। वहीं, दूसरे किशोर गजराज सेंगर का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे आलमपुर नरही गांव निवासी पुष्पेंद्र पाल (13) पुत्र वीरेंद्र पाल और गजराज सेंगर (15) पुत्र बलवीर सेंगर गंगा नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। दोनों किशोरों के डूबने की सूचना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। इसके बाद से ही एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय नाविक लगातार दोनों की तलाश में जुटे थे।
शुक्रवार 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे हथगांव थाना क्षेत्र के समोपुर घाट पर स्थानीय नाविकों को पुष्पेंद्र पाल का शव मिला। आलमपुर नरही से करीब 45 किलोमीटर दूर शव बरामद होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।
उधर गंगा में डूबे दूसरे किशोर गजराज सेंगर की तलाश अभी भी जारी है। तीन दिन बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। हादसे के बाद से दोनों किशोरों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजन गमगीन हैं।


