
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
-प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या, शव झाड़ियों में फेंका।
-कय्यूम हत्याकांड का खुलासा, हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार।
-गमछे से गला घोंटकर हत्या, झाड़ियों में छिपाया शव।
-कय्यूम हत्याकांड में नया मोड़, हत्या के आरोप में दंपती गिरफ्तार।
-प्रेम प्रसंग, फिर हत्या,कय्यूम हत्याकांड में पति-पत्नी पर शिकंजा।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में कय्यूम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में कय्यूम की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया था। मामले में पुलिस ने पहले कमलेश को गिरफ्तार किया, जबकि शुक्रवार को उसकी पत्नी प्रीती को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी गई थी। उसके बाएं हाथ की बाजू पर ‘ALLAH Eshlamu’ लिखा हुआ था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए। 18 अक्टूबर को मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छेउका गांव निवासी कय्यूम पुत्र चांद बाबू के रूप में हुई।
इसके बाद 19 अक्टूबर को मृतक के पिता चांद बाबू पुत्र अब्दुल अहमद ने थाना हुसैनगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई प्रेम प्रसंग की बात
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना और सुरागरसी-पतारसी के दौरान 22 अक्टूबर को छेउका गांव निवासी कमलेश पुत्र हरिश्चन्द्र को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 23 अक्टूबर को उसकी पत्नी प्रीती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) की बढ़ोतरी की है।
पुलिस की पूछताछ में कमलेश ने बताया कि पूर्व में उसकी पत्नी प्रीती और कय्यूम के बीच प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी होने पर उसने पत्नी को समझाया था। कमलेश के मुताबिक, उसकी पत्नी ने कय्यूम से आगे कोई संबंध नहीं रखने की बात कही थी।
आरोप है कि 12 अक्टूबर 2026 को कय्यूम उनके घर में घुस आया और प्रीती के साथ जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान कमलेश और प्रीती ने मिलकर उसका मुंह दबाया और गमछे से गला कस दिया। उसकी पत्नी ने कय्यूम के पैर पकड़ रखे थे। मौत होने के बाद दोनों ने शव को उठाकर झाड़ियों में फेंक दिया।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।


