आधी रात बदमाशों का धावा, पिता-पुत्री को बंधक बनाकर की मारपीट और लूट

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी, चित्रकूट संवाददाता।

चित्रकूट जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र के लोहदा गांव के मजरा केवटन पुरवा में आठ और नौ अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने गृहस्वामी जगन्नाथ निषाद और उनकी पुत्री निशा को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और आठ हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों के हाथों में चाकू और तमंचे थे। उन्होंने दो फायर भी किए। घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
जानकारी के अनुसार, आठ और नौ अक्टूबर की रात करीब एक बजे लोहदा गांव के मजरा केवटन पुरवा निवासी जगन्नाथ निषाद के घर में बदमाश घुस गए। बदमाशों ने जगन्नाथ और उनकी पुत्री निशा को अपने कब्जे में लेकर मारपीट की। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और आठ हजार रुपये नकद समेट लिए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों के पास चाकू और तमंचे थे तथा उन्होंने दो फायर भी किए। बदमाश उनकी पुत्री को कुछ दूर ले जाने के बाद छोड़कर फरार हो गए।
इसी दौरान गांव में रहने वाले शिवनायक को बदमाशों के आने की जानकारी हुई तो उन्होंने फोन के माध्यम से लोहदा गांव के लोगों को सूचना दी। हालांकि, जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, बदमाश वहां से भाग चुके थे। सूचना मिलने पर रात में ही यूपी-112 की टीम और पहाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक निशिकांत राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस सुबह तक घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन करती रही।
डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक बांदा राजेश एस घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित जगन्नाथ निषाद से घटना के संबंध में जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने बताया कि पिता-पुत्री के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना हुई है। इस संबंध में पहाड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही।
मौके पर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद, थाना प्रभारी पहाड़ी निशिकांत राय, उपनिरीक्षक सत्यनारायण सिंह, एसओजी प्रभारी और फोरेंसिक टीम मौजूद रही। पुलिस मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!