लंबी बीमारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज/फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रेरुआ गांव में सोमवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से बीमारी से परेशान था और मानसिक तनाव में रहता था।
रेरुआ गांव निवासी कुलदीप उर्फ घूरे साहू (40) पुत्र स्व. रामसजीवन साहू घर में अकेले रहता था। सोमवार सुबह करीब सात बजे उसने घर के अंदर फांसी लगा ली। काफी देर तक घर में कोई हलचल न होने पर ग्रामीणों को शक हुआ। खिड़की से देखने पर कुलदीप का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को नीचे उतारा।
ग्रामीणों के अनुसार कुलदीप चार बहनों का इकलौता भाई था और उसकी शादी नहीं हुई थी। माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका था। चारों बहनों की शादी हो चुकी है, जिसके चलते वह घर में अकेला रहता था।
बताया गया कि कुलदीप लंबे समय से बीमारी से परेशान था। इलाज के बावजूद राहत न मिलने और अकेलेपन के कारण वह मानसिक तनाव में रहता था। इसी परेशानी के चलते आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!