भूमिधरी जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद, पीड़ित ने प्रशासन से मांगा न्याय

आपकी खबरें न्यूज,
हथगाम फतेहपुर संवाददाता।

फतेहपुर जिले की खागा तहसील के हथगाम थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर निर्माणाधीन मकान की दीवार गिराए जाने का मामला सामने आया है। अकबरपुर चोराई स्थित गाटा संख्या 1658 पर अपनी भूमिधरी जमीन में मकान का निर्माण करा रहे एक व्यक्ति ने कई लोगों पर दीवार ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी बृजेश कुमार गुप्ता पुत्र पन्नालाल का आरोप है कि अकबरपुर चोराई स्थित उनकी भूमिधरी जमीन पर मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान हथगाम थाना पुलिस के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि निर्माण कार्य पर न्यायालय की ओर से स्थगन आदेश (स्टे) लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य पूरी तरह बंद कर दिया था।
बृजेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, इसके बावजूद शाम करीब सात बजे प्रमोद कुमार पुत्र राम विशाल, महेंद्र कुमार पुत्र बाबू सिंह, सियाराम और राधेश्याम पुत्र राम प्यारे, पिंकी देवी पत्नी राधेश्याम, यशोदा देवी पत्नी कंधई, अनीता देवी पत्नी अजय कुमार तथा चित्रलेखा पत्नी मोहन समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे, सब्बर, कुदाल और अन्य औजार थे। आरोप है कि उक्त लोगों ने निर्माणाधीन मकान की दीवार ध्वस्त कर दी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने जमीन को अपनी भूमिधरी बताते हुए निर्माणाधीन मकान की दीवार गिराए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब संबंधित पुलिस और राजस्व विभाग की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!