

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
विकास भवन सभागार में बुधवार को परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण शेषमणि सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में रबी बीज वितरण, उर्वरक उपलब्धता, धान खरीद और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक का संचालन जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने किया। इस दौरान पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों के अनुपालन की समीक्षा की गई। किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने तथा अन्य किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही कृषक उत्पादक संगठनों से जुड़कर कृषि गतिविधियों को बेहतर बनाने का सुझाव दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि रबी सत्र के लिए जनपद में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है। समितिवार उर्वरक भेजकर किसानों को उनकी जोत के आधार पर नियमानुसार वितरण कराया जाएगा। किसानों से आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदने और अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की गई।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने पीएम सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई और एकीकृत बागवानी मिशन की जानकारी दी। आलू उत्पादकों को भामाशाह भाव स्थिरता योजना तथा शीतगृह भंडारण अनुदान के बारे में भी बताया गया।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी समरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के सभी केंद्रों पर धान खरीद की जा रही है। ऑफलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खरीद होगी। किसानों ने ललौली और देवलान में उत्पादन कम होने के चलते वहां के धान क्रय केंद्रों को अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार पांडेय ने शीत ऋतु में पशुओं की देखभाल, उन्हें छायादार स्थान पर बांधने तथा नियमित कृमिनाशक दवा देने की सलाह दी। गन्ना निरीक्षक रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि जनपद में 12 गन्ना क्रय केंद्र संचालित हैं और 25 नवंबर से गन्ना खरीद शुरू होगी। अगेती गन्ने का मूल्य 400 रुपये तथा सामान्य गन्ने का 390 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष धाता रविकरन सिंह ने धाता व कबरहा में धान क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग की। वहीं, ब्लाक अध्यक्ष खजुहा अंगद सिंह चंदेल ने निचली गंगा नहर में खुर्माबाद माइनर और मडरांव माइनर की पुलिया निर्माण की मांग उठाई।
परियोजना निदेशक शेषमणि सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के शिकायती प्रार्थना पत्रों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर समस्या का समाधान कराया जाए। जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं है, उनमें समयसीमा निर्धारित कर किसानों को अवगत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के फोन भी अनिवार्य रूप से रिसीव करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत, नाबार्ड, खाद्य एवं विपणन, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, रेशम और मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बाबू सिंह, रणविजय सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी समेत बड़ी संख्या में किसान और भाकियू पदाधिकारी उपस्थित रहे।
