3.52 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी

आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।

धोखाधड़ी और कूटरचना कर व्यापारी की फर्म को करीब 3.52 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में आरोपित को अदालत से राहत नहीं मिली। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हरहुआ, बड़ागांव निवासी चंद्रकांत की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत में जमानत अर्जी का विरोध वादी के अधिवक्ता अनुज यादव ने किया।
प्रकरण के अनुसार, वादी नितिन मित्तल ने मंडुआडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उन्होंने अपनी फर्म के सामान की सप्लाई और भुगतान वसूली के लिए नैनी, प्रयागराज निवासी अरविंद को नौकरी पर रखा था। आरोपित अरविंद केशरी ने कथित तौर पर अधिक धन कमाने के लालच में कई दुकानदारों के नाम से अलग-अलग बिल तैयार किए और उनमें फर्जी जीएसटी नंबर का इस्तेमाल कर कम कीमत पर माल बेचने का आरोप है।
आरोप के मुताबिक, चंद्रकांत गुप्ता, रंजीत सिंह, युवराज सिंह और सत्येंद्र जायसवाल ने आपस में साजिश कर विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों के नाम पर वादी की फर्म के कूटरचित बिल तैयार किए। इनमें स्वदेशी कोनिया, संजय जायसवाल ट्रेडिंग, मेसर्स बजाज नमकीन, सीताराम राधेश्याम, सोनू किराना स्टोर, शुमन किराना स्टोर, धीरज किराना स्टोर, आर्मी कैंटीन सतावन, राहुल किराना स्टोर चोलापुर, ओम साई ट्रेडर्स और बब्लू किराना ट्रेडिंग सहित अन्य प्रतिष्ठानों के नाम शामिल बताए गए हैं।
वादी का आरोप है कि कूटरचित बिलों और गलत जीएसटी नंबरों के जरिए माल बेचकर उसकी फर्म के भुगतान की रकम आपस में मिलीभगत कर हड़प ली गई। इससे वादी की फर्म को करीब 3 करोड़ 52 लाख 63 हजार रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
इसी मामले में आरोपित चंद्रकांत ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्जी खारिज कर दी।

error: Content is protected !!