बम विस्फोट मामले में डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जल्द खुलासे के निर्देश

आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।

पहाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अशोह के मजरा फुटहा बंधान के पास भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली पड़े प्लाट में दो दिन पूर्व हुए संदिग्ध बम विस्फोट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। विस्फोट के बाद प्लाट के अंदर मानव पैर मिलने तथा बम बनाने के उपकरण बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना की सूचना पर जिले के आला अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के शीघ्र अनावरण के लिए थाना पहाड़ी पुलिस के साथ एसओजी सहित अन्य टीमों को जांच में लगाया गया है।
मंगलवार को डीआईजी बांदा राजेश एस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मिले साक्ष्यों और बरामद बम बनाने के उपकरणों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली तथा जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि घटनास्थल पर चटाई और बम बनाने के उपकरण मिलने से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि संबंधित व्यक्ति अकेला नहीं रहा होगा। उन्होंने बताया कि प्लाट की बाउंड्री की ऊंचाई भी काफी अधिक है। वहीं शरीर के अन्य अंगों का मौके से न मिलना भी कई सवाल खड़े करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर टीम गठित की गई है और जल्द ही घटना का अनावरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने प्रभारी निरीक्षक पहाड़ी निशीकांत राय को पड़ोसी जनपद कौशांबी, फतेहपुर, बांदा और प्रयागराज के साथ मध्य प्रदेश के सतना व रीवा जनपदों के थानों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक पहाड़ी निशीकांत राय ने बताया कि पड़ोसी जनपदों के थानों से संपर्क किया जा रहा है। वहां हाल-फिलहाल में लापता हुए ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिनका संबंध घटना से हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

error: Content is protected !!