
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में हुए विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई। विस्फोट के बाद मौके पर मानव अंग और कपड़ों के चिथड़े मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बांदा और लखनऊ से विशेषज्ञ टीमों को जांच के लिए बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, अशोह गांव में कर्वी-पहाड़ी मार्ग पर फुटहा बंधान के पास स्थित भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में तेज विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया। मिट्टी और कीचड़ उछलकर आसपास की दीवारों पर जा गिरी। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर मानव अंग और कपड़ों के चिथड़े मिलने की सूचना से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।


बताया जा रहा है कि प्लॉट के अंदर एक पैर मिला, जबकि करीब 300 मीटर दूर सड़क के दूसरी ओर दूसरा पैर मिलने की सूचना है। घटना से दो दिन पूर्व भी क्षेत्र में तेज धमाके की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई थी। हालांकि धमाका किस वजह से हुआ और मानव अंग वहां कैसे पहुंचे, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद, थाना प्रभारी पहाड़ी निशिकांत राय, एसओजी प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विस्फोट से घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा बना है और मिट्टी-कीचड़ आसपास की दीवारों पर जाकर गिरी है। प्लॉट में एक पैर तथा करीब 300 मीटर दूर सड़क के दूसरी ओर दूसरा पैर मिलने की सूचना है। घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए बांदा और लखनऊ से विशेषज्ञ टीमों को बुलाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। विस्फोट का कारण, बरामद मानव अंग किसके हैं और घटनास्थल पर परिस्थितियां कैसे बनीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। विशेषज्ञ टीमों की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।


