
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी इलाके में बाइक सवार तीन से चार अज्ञात बदमाशों द्वारा एक युवक को निशाना बनाकर उसकी मोटरसाइकिल और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने हुसैनगंज थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जुगल का पुरवा निवासी धीरेंद्र पुत्र भगवानदीन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को वह अपने चचेरे भाई राधेश्याम को मतुवा का पुरवा छोड़कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मदारी का पुरवा और जुगल का पुरवा गांव के बीच एक बाइक पर सवार तीन से चार अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने असनी जाने का रास्ता पूछने के बहाने अपनी बाइक सामने लगा दी। इसके बाद अचानक उन्हें पकड़कर आंखों पर पट्टी बांध दी। आरोप है कि बदमाश उनका पर्स छीनकर ले गए, जिसमें करीब चार से पांच हजार रुपये नकद रखे थे। इसके बाद आरोपी उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार लूटी गई मोटरसाइकिल का नंबर UP71AE6295 है, जबकि आरोपियों के पास मौजूद बाइक का नंबर UP33BY1037 बताया गया है।
घटना के बाद पीड़ित ने हुसैनगंज थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी और एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।


