जमानत की शर्तों का दुरुपयोग पड़ा भारी, कोर्ट ने आरोपित की जमानत रद्द की

आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।

जमानत मिलने के बाद भी पीड़िता और उसके परिजनों को धमकाना आरोपित को भारी पड़ गया। जमानत की शर्तों का दुरुपयोग करने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व में दी गई जमानत तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत ने अवलेशपुर, रोहनिया निवासी आरोपित रामेश्वर पाण्डेय की जमानत रद्द करने का आदेश दिया। अदालत में वादी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव तथा अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी मनोज गुप्ता ने पैरवी की।
अभियोजन पक्ष के अनुसार रोहनिया थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 4 सितंबर 2026 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री नोएडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। रामेश्वर पाण्डेय ने पूर्व में उनकी पुत्री के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे, जिसके संबंध में पीड़िता ने रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित जमानत पर जेल से बाहर आ गया था।
वादी का आरोप था कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपित ने पीड़िता के कॉलेज के जूनियर और सीनियर साथियों के साथ ही रिश्तेदारों को भी उसकी निजी जिंदगी को लेकर अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए। इसके अलावा मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए परिजनों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
इस पर वादी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोपित पर जमानत की शर्तों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और उसकी जमानत निरस्त करने की मांग की। अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपित के बाहर रहने से कोई अप्रिय घटना हो सकती है और पीड़िता को लगातार भय के माहौल में रहना पड़ रहा है। इस दौरान उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के कई न्यायिक निर्णय भी अदालत में प्रस्तुत किए गए। अदालत ने पत्रावली पर उपलब्ध तथ्यों और प्रस्तुत दलीलों का अवलोकन करने के बाद आरोपित को पूर्व में मिली जमानत निरस्त करने का आदेश दिया।

error: Content is protected !!