
आपकी खबरें न्यूज
वाराणसी संवाददाता।
सिंधोरा थाना क्षेत्र में आने वाले स्थानीय बाजार के पुराने चौराहे से उत्तर दिशा की ओर लगभग 150 मीटर तक, हर बरसात में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। यह जलभराव न केवल आमजन के आवागमन को बाधित करता है, बल्कि व्यापारियों और राहगीरों के लिए भारी परेशानी का कारण बन रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराने चौराहे पर नाली व्यवस्था तो मौजूद है, लेकिन वर्षों से वह जाम पड़ी हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बरसात का पानी सड़क पर भर जाता है और सड़क तलाब का रूप ले लेती है। इससे न केवल पैदल चलने वालों को कठिनाई होती है, बल्कि आसपास की दुकानों में भी पानी के छींटे पहुंचते हैं। वाहनों के चलने से कीचड़युक्त पानी उछलकर राहगीरों व दुकानदारों पर गिरता है, जिससे अक्सर झगड़े व नोकझोंक की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा जलभराव में छिपे गड्ढों, ईंट-कंकड़ के कारण लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं, वहीं मोबाइल, दस्तावेज व अन्य सामान भी पानी में गिरकर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं या फिर खोजने की नौबत आ जाती है, जो बेहद असुविधाजनक और शर्मनाक स्थिति पैदा करता है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों- जैसे डॉ. के.टी. विश्वास, कैप्टन कुमार, सागर कुमार, अभिषेक शर्मा, राजेंदर, कल्लू राजभर, अजय मौर्या, काशी कबाड़ी और छोटू सोनकर ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे हर बरसात में आने वाली इस मुसीबत से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
