पी.सी.पी. इंटर कॉलेज का शानदार परीक्षा परिणाम, हाईस्कूल 93% व इंटर 91% रहा

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज कस्बे स्थित पण्डित चंद्रिका प्रसाद इंटर कॉलेज (पी.सी.पी.आई.सी.) ने इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी शैक्षिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। विद्यालय का हाईस्कूल परीक्षाफल 93 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 91 प्रतिशत रहा। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया और छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के शिक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रपाल ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विद्यालय के समस्त शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि नियमित कक्षाओं, समय-समय पर आयोजित परीक्षाओं और विद्यार्थियों की कमजोरियों पर विशेष ध्यान देने से ही यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो सका है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में शैक्षिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 में नए प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं। अभिभावकों से अपने पाल्यों का शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित कराने की अपील की गई है। नए शैक्षिक सत्र के लिए विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो चुका है।

error: Content is protected !!