
आपकी खबरें न्यूज,
बिन्दकी फतेहपुर संवाददाता।
बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा इलाके में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां चचेरी साली को लेकर भाग रहे एक जीजा ने कार से कुचलकर तीन लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक सोनी करीब एक सप्ताह पहले अपनी नाबालिग चचेरी साली काजल (15 वर्ष) को भगा ले गया था। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद सुलझाने के लिए स्थानीय पुलिस चौकी में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। काफी देर चली वार्ता के बावजूद कोई समझौता नहीं हो सका।
बताया जाता है कि पंचायत समाप्त होने के बाद दीपक साली को कार में बैठाकर वहां से निकलने लगा। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कोरवां के पास कार रोकने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लोगों ने कार को घेर लिया तो आरोपी ने अचानक तेज रफ्तार में वाहन आगे बढ़ा दिया और सामने खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गया। इस दर्दनाक घटना में अन्नू सोनकर (35), अवध बिहारी सोनी (23) और सत्यवान सैनी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक सोनी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


