नवागत कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने संभाला पदभार, मैहर को ‘संगीत सिटी’ बनाने पर जोर

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
मैहर संवाददाता।

जिले की नवागत कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए धार्मिक, आध्यात्मिक, पर्यटन एवं ऐतिहासिक धरोहरों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मैहर को “संगीत सिटी” के रूप में विकसित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने की बात कही।
कलेक्टर ने प्रसिद्ध शारदा धाम मैहर में प्रस्तावित “शारदा लोक” परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसे विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन और वापसी तक सुव्यवस्थित एवं यादगार अनुभव प्रदान करने की योजना बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि शारदा लोक परियोजना का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं और पर्यटकों के ठहरने, सुविधाजनक आवागमन और आधुनिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस परियोजना से जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कलेक्टर मुखर्जी ने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कहा कि जनसुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को समयबद्ध लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि मैहर को एक सशक्त, विकसित और पर्यटन की दृष्टि से अग्रणी जिला बनाया जा सके।

error: Content is protected !!