समाधान दिवस में पति-पत्नी का विवाद सुलझा, पुलिस की पहल पर हुआ समझौता

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
बिजनौर, लखनऊ/ नि.सं।

बिजनौर थाना क्षेत्र में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक पारिवारिक विवाद का पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कर पति-पत्नी को फिर से एक साथ रहने के लिए राजी कर दिया।
जालिम खेड़ा निवासी श्रीमती सीता ने अपने पति के विरुद्ध उत्पीड़न की शिकायत समाधान दिवस में प्रस्तुत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी अधिकारी एवं उपनिरीक्षक नाजिम खान ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शिकायत की जांच शुरू कराई और कार्रवाई हेतु पुलिस चौकी माती प्रभारी अभिराम शुक्ला को निर्देशित किया।
चौकी इंचार्ज अभिराम शुक्ला ने हेड कांस्टेबल राजीव कुमार यादव को पीड़िता के घर भेजा, जिसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ पुलिस चौकी पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर सोमवार को गहन पूछताछ की तथा उनकी शिकायतों को सुनकर आपसी समझौते का प्रयास कराया। पुलिस व संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में पति सुमित यादव ने अपनी गल्तियों पर खेद व्यक्त करते हुए पत्नी को साथ रखने और भविष्य में किसी प्रकार का उत्पीड़न न करने का आश्वासन दिया। पुलिस चौकी परिसर के बाहर स्थित मंदिर में दोनों ने आपसी सहमति से गिले-शिकवे दूर कर सुलह-समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद पति-पत्नी राजी-खुशी एक साथ ससुराल हरदोईया के लिए रवाना हो गए। पीड़िता ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई न करने तथा शिकायत निस्तारित किए जाने पर सहमति जताई।
पीड़िता के बुजुर्ग पिता ने स्थानीय पुलिस व उपस्थित संभ्रांत लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की पहल से उनका परिवार फिर से जुड़ सका।

error: Content is protected !!