पीपा पुल से गिरकर युवक गंगा में डूबा, गोताखोरों ने घंटों बाद बरामद किया शव

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी गांव स्थित गंगा नदी पर बने पीपा पुल से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि शव गुरुवार दोपहर बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार कैथी गांव के मार्कंडेय महादेव मंदिर के पास निवासी सुजीत कुमार यादव (30) चंदौली के टांडा क्षेत्र से सामान लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपा पुल पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल के किनारे गिर पड़े। गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वह गंगा नदी में जा गिरे और डूब गए।
घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार सुबह हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। कई घंटों की मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव बरामद कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक घर पर रहकर खेती-बाड़ी करता था। उसके परिवार में पत्नी ममता यादव, मां राजमती देवी तथा दो मासूम बेटियां (उम्र 8 व 10 वर्ष) हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
ग्रामीणों के अनुसार पीपा पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और रोशनी की कमी के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है।

error: Content is protected !!