
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना में होली और रमजान त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना रहा।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक या गलत गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी समुदायों से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ अपने-अपने पर्व मनाने की अपील की गई।

इस अवसर पर सीओ सिटी सदर प्रमोद कुमार शुक्ला और नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे। हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडे ने बताया कि बैठक में दोनों समुदायों के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि सभी उपस्थित गणमान्य लोगों ने आपसी भाईचारा बनाए रखने और होली व रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने भी त्योहारों के दौरान सतर्कता बढ़ाने और क्षेत्र में नियमित गश्त की बात कही।

