
आपकी खबरे न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
लोधीगंज में फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में फोटोग्राफर एसोसिएशन फतेहपुर द्वारा दिवंगत फोटोग्राफर रामाश्रेय उर्फ अमित विश्वकर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से पीड़ित परिवार को ₹1 लाख 11 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बताया गया कि वी.डी.एस. डिजिटल स्टूडियो के संचालक रामश्रेय उर्फ अमित विश्वकर्मा की बीते दिनों एक कार्यक्रम शूट कर वापस लौटते समय थाना थरियांव क्षेत्र में एक ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस असमय दुर्घटना से फोटोग्राफर समाज में गहरा शोक व्याप्त है। अमित विश्वकर्मा की मृत्यु के बाद उनकी दो मासूम बेटियां अनाथ हो गई हैं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा पीड़ित परिवार को ₹1,11,000 की सहयोग राशि का चेक सौंपते हुए आगे भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दिनेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रूप श्रीवास्तव, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजीव टंडन, फतेहपुर जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, मीडिया प्रभारी संदीप मौर्य, फतेहपुर कोषाध्यक्ष राजू मिक्सिंग लैब, जिलाप्रभारी चन्द्रसेन मौर्य, अनुपम, कृष्णा, विनय सहित जिले भर के तमाम फोटोग्राफर व एसोसिएशन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि फोटोग्राफर एसोसिएशन हर सुख-दुख में अपने साथियों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर आगे भी पीड़ित परिवार की सहायता करता रहेगा।


