
आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता (रामनरायण साहू)।
आजाद क्रांति पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चित्रकूट परिक्रमा मार्ग स्थित खंगार धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भोलानाथ सिंह खंगार ने की, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सिंह खंगार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सुरेन्द्र सिंह खंगार को चित्रकूट जिलाध्यक्ष मनोनीत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी पंडित चंद्रशेखर आजाद के आदर्शों से प्रेरित होकर एक ऐसे भारत की परिकल्पना करती है, जहाँ समानता, स्वाभिमान और स्वराज्य हर नागरिक की वास्तविकता बने।
वीर सिंह खंगार ने कहा कि आजाद क्रांति पार्टी किसानों, शिक्षित बेरोजगारों और वंचित वर्गों की आवाज़ को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। पार्टी का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को हर नागरिक तक पहुँचाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग सरकारी और प्रशासनिक लाभों से वंचित हैं, उनकी मदद के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता संकल्पित रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भोलानाथ सिंह खंगार ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों की सहमति से सुरेन्द्र सिंह खंगार को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जो संगठन को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
बैठक में आजाद क्रांति पार्टी के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नई जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ पार्टी ने चित्रकूट में अपने विस्तार की नई शुरुआत की है।

