
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना पुलिस ने बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई आठ बकरा-बकरी तथा घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। वहीं गिरोह के दो अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक 13/14 अगस्त की रात थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में घरों के बाहर बंधी बकरियों को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। समदा सहोदरपुर निवासी शिवशरण ने दो बकरियां चोरी होने की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। इसी प्रकार अनिता देवी निवासी समदा सहोदरपुर की एक बकरी चोरी होने पर मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 तथा असई गांव निवासी अभिमन्यु सिंह की दो बकरियां चोरी होने पर मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 दर्ज किया गया था।
हुसैनगंज पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शीबू खान कुरैशी पुत्र रहीस, गुलैशान पुत्र शफीक, सुरेश कुमार पटेल पुत्र स्व. रामकुमार वर्मा तथा रमेश कुमार पटेल पुत्र स्व. रामकुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर चोरी की गई आठ बकरा-बकरी तथा घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन संख्या UP 78 CM 9106 बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो आरोपी राजू पुत्र राजू बहना निवासी जमरावां तथा शाहिल पुत्र शकील अहमद निवासी जमरावां, जो वर्तमान में कानपुर नगर क्षेत्र में रह रहे हैं, मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई से बकरी चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।




