शिक्षिका शालिनी हत्याकांड का खुलासा-पति ने कुकर के ढक्कन से किए तीन वार, बाथटब में डुबोकर मार डाला

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

कोतवाली नगर क्षेत्र में शिक्षिका शालिनी यादव की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने के शक और घरेलू विवाद के चलते दिलीप ने पहले कुकर के एल्युमीनियम ढक्कन से शालिनी के सिर पर पीछे से लगातार तीन वार किए। चोट लगने से बेहोश होने के बाद उसने शालिनी को पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने बाथटब का वाल्व खोलकर पानी निकाल दिया और मकान में पानी बहाकर खून के निशान मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए शालिनी के गिरकर घायल होने की कहानी गढ़ी और खुद मॉर्निंग वॉक के बहाने मोटरसाइकिल से घर से निकल गया।
पूछताछ में सामने आई हत्या की पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार आठ अगस्त को आरोपी ने कुकर के ढक्कन से शालिनी के सिर के पीछे तीन वार किए। शालिनी के जमीन पर गिरने के दौरान पास रखा कांच का गिलास टूट गया, जिसका एक टुकड़ा उसके दाहिने पैर में घुटने के पास लगा। इसके बाद आरोपी ने उसे पानी से भरे बाथटब में डालकर गर्दन पकड़कर पानी में डुबोए रखा। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने मकान को पानी से धोकर खून के छींटे और धब्बे मिटाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद वापस लौटकर उसने अपने भाइयों संदीप और भूपेंद्र को शालिनी के गिरकर घायल होने की जानकारी दी। तीनों उसे कार से तांबेश्वर मंदिर के पास स्थित अपेक्षा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
शालिनी के पिता धर्म सिंह निवासी जखनी, थाना राधानगर ने नौ अगस्त को कोतवाली में तहरीर देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 368/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुकर का एल्युमीनियम ढक्कन, टूटे कांच के गिलास के छह टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
डेढ़ साल से चल रहा था दंपती में विवाद
पुलिस के अनुसार शालिनी और दिलीप की शादी तीन दिसंबर 2017 को हुई थी। दोनों का आठ वर्षीय बेटा है। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से दंपती के बीच संबंध ठीक नहीं थे। पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसके अलावा शालिनी के बिना बताए कहीं आने-जाने और अपनी आय अपनी इच्छा से खर्च करने को लेकर भी दोनों में विवाद होता था।
दोनों थे शिक्षक
गिरफ्तार आरोपी दिलीप कुमार प्राथमिक विद्यालय में सरकारी शिक्षक है, जबकि मृतका शालिनी यादव फतेहपुर के टुथ मिशन स्कूल में प्राइवेट अध्यापिका थी। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

error: Content is protected !!