
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
अमौली विकासखंड क्षेत्र में जारा, चकलाला और एतमादपुर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से हादसों का खतरा और बढ़ गया है।
समस्या को लेकर ग्रामीण विकास कुमार पुत्र फूल सिंह ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायती पत्र में बताया गया कि जारा-चकलाला-एतमादपुर मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। विशेष रूप से एतमादपुर स्थित सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जारा-चकलाला लिंक मार्ग तक सड़क का बड़ा हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो चुका है। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं चारपहिया वाहनों को भी इस मार्ग से निकलने में परेशानी होती है। यह सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए रोजाना आवागमन का प्रमुख मार्ग है, बावजूद इसके लंबे समय से मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने और सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से आवागमन सुगम होगा और संभावित सड़क हादसों पर भी अंकुश लग सकेगा।



