
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में बिना किसी वैध अनुमति के दिन-रात जेसीबी मशीनों के जरिए मिट्टी का खनन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात होते ही खनन का कार्य तेज हो जाता है, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ खनन माफिया कथित रूप से स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त होने के कारण बेखौफ होकर अवैध खनन कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिना अनुमति मिट्टी का खनन कर राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी अवैध खनन की शिकायत दर्ज कराई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अवैध खनन के कारण कई स्थानों पर समतल कृषि भूमि गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे खेत तालाब जैसी स्थिति में बदल गए हैं। इससे किसानों को भविष्य में खेती करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त भूमि का सर्वे कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

