
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में हरे फलदार वृक्षों की कथित अवैध कटान का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आम, जामुन, गूलर, बेल सहित अन्य फलदार वृक्षों को बड़े पैमाने पर काटा जा रहा है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि रसूलपुर गांव में हाल ही में एक जामुन का पेड़ काट दिया गया। आरोप है कि इस संबंध में शिकायत किए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध कटान में संबंधित विभागों की मिलीभगत होने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही पेड़ों की कटान से हरियाली तेजी से समाप्त हो रही है, जिसका सीधा असर पर्यावरण और जैव विविधता पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध कटान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल, इस मामले में वन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

