
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता ।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामचन्द्र घाट व कुल्हर पुरवा स्थित मंदिरों से घंटे चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा रामचन्द्र घाट स्थित मंदिरों से 11 पीतल के घंटे एवं घंटियां तथा कुल्हर पुरवा स्थित मंदिर से एक बड़ा घंटा चोरी कर लिया गया था। चोरी के दौरान शिवलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इस संबंध में थाना हुसैनगंज में बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) एवं 298 के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए थे।
हुसैनगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार देर रात 11मील नहर पुलिया के पास से रूपचन्द्र मौर्य (40 वर्ष), निवासी मकदूमपुर मजरे गोर्वधनपुर थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी महेश पुत्र जगतपाल, निवासी अर्जुनपुर थाना कोतवाली खागा के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर एक बड़ा पीतल का घंटा, पांच पीतल की घंटियां, एक नुकीला लोहे का औजार, एक प्लास, एक रिंच सेट तथा घटना में प्रयुक्त यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल (UP71J6779) बरामद कर सीज कर दिया।
आरोपी ने बताया कि दोनों ने पहले रामचन्द्र घाट स्थित हनुमान, दुर्गा, शंकर एवं राम मंदिर से घंटे चोरी किए और लौटते समय कुल्हर पुरवा स्थित मंदिर से भी घंटा व घंटी चोरी की। चोरी के दौरान शिवलिंग टूट जाने पर दोनों वहां से भाग निकले।
हुसैन खान थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि फरार आरोपी महेश की तलाश की जा रही है। उसके विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार एवं फरार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं।

