
आपकी खबरें न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने रामचंद्रन घाट तथा गोपालपुर गांव के समीप फुतहापार स्थित दो मंदिरों को निशाना बनाया। एक मंदिर से 12 घंटे चोरी कर लिए, जबकि दूसरे मंदिर में चोरी का प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता के कारण विफल हो गया।
जानकारी के अनुसार, चोर पहले रामचंद्रन घाट स्थित मंदिर पहुंचे, जहां से उन्होंने 12 घंटे उतार लिए। इसके बाद वे फुटहापर स्थित शंकर मंदिर पहुंचे और वहां का घंटा भी खोलने लगे। इसी दौरान घंटा अचानक नीचे गिर गया, जिससे तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर मंदिर के समीप बने घरों के लोग जाग गए और बाहर निकल आए।
ग्रामीणों को आता देख चोर अपनी बाइक, कटर तथा चोरी किए गए घंटे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना भोर में ग्रामीणों ने हुसैनगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मौके से बरामद बाइक, कटर और चोरी किए गए घंटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बरामद बाइक के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

