750 करोड़ की सीवर परियोजना के भूमि पूजन में अव्यवस्था पर भड़कीं साध्वी निरंजन ज्योति, अधिकारियों व ठेकेदारों को लगाई फटकार

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

सदर तहसील क्षेत्र के मदारीपुर कला में करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवर लाइन परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थाओं को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति तथा राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने अधिकारियों और संबंधित जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में संबोधन के दौरान माइक और ध्वनि विस्तारक यंत्र की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कार्यक्रम कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। मंच व्यवस्था और अन्य तैयारियों में कमी देखकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि जिस परियोजना पर लगभग 750 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, उसके भूमि पूजन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मूलभूत व्यवस्थाओं का अभाव गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति न दोहराने की चेतावनी दी।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “सपा मानसिकता से काम करना छोड़ दीजिए, नहीं तो ठेकेदारी नहीं कर पाएंगे।”
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने भी कार्यक्रम में फैली अव्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंच से उन्होंने संबंधित जेई और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए अपने कार्यकर्ताओं से परियोजना के निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता की निगरानी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में हुई कमी को स्वीकार करते हुए भविष्य में बेहतर समन्वय और तैयारियों का आश्वासन दिया। भूमि पूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्थाओं की चर्चा पूरे आयोजन में होती रही।

error: Content is protected !!