
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी ब्यूरो।
रेलवे संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे प्रशासन ने रेल लाइनों के किनारे बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को गंभीर खतरा मानते हुए व्यापक कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान शुरू किया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रेल पटरियों के आसपास लगने वाली आग न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए रेलवे लगातार निगरानी के साथ जागरूकता अभियान चला रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ साथ लेकर यात्रा न करें। इससे आग लगने या दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है, जो कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकती है।
इसके अलावा रेल लाइन के आसपास रहने वाले किसानों और स्थानीय नागरिकों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे सूखी घास, पत्ते या पराली को पटरियों के किनारे न जलाएं। इस प्रकार की लापरवाही से आग फैलकर रेल ट्रैक को नुकसान पहुंचा सकती है और रेल संचालन बाधित हो सकता है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छोटी-सी सावधानी बड़े हादसों को रोक सकती है। नागरिकों से नियमों का पालन करने और रेल सुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है, ताकि यात्राएं सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध बनी रहें।


