
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद में स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को लेकर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। हुसैनगंज पावर हाउस क्षेत्र के महादेवपुर गांव में पूरा बिजली बिल जमा होने के बावजूद उपभोक्ता की बिजली सप्लाई काट दिए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, महादेवपुर गांव निवासी उपभोक्ता रामनरेश ने 10 अप्रैल 2026 को विद्युत विभाग में 2867 रुपये का बिल जमा किया था। भुगतान की रसीद भी उपभोक्ता के पास मौजूद है। इसके बावजूद 21 अप्रैल 2026 को अचानक उपभोक्ता के मोबाइल पर 66.18 रुपये बकाया होने का मैसेज आया और कुछ ही देर बाद बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
बिजली कटने से उपभोक्ता का पूरा परिवार दिनभर परेशान रहा। उपभोक्ता जब शिकायत लेकर बिजली विभाग पहुंचा तो वहां 312 रुपये बकाया बताया गया। मजबूरी में उपभोक्ता ने 316 रुपये पुनः जमा कर दिए, लेकिन इसके बावजूद सुबह से शाम तक घर की बिजली बहाल नहीं की गई।
पीड़ित उपभोक्ता का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिना स्पष्ट जानकारी के बकाया दिखाकर बिजली काटी जा रही है और उपभोक्ताओं से बार-बार भुगतान कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई उपभोक्ता इसी तरह की समस्या से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से स्मार्ट मीटर प्रणाली की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में संबंधित बिजली अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।


