
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद के भिटौरा ब्लॉक क्षेत्र के मथैयापुर चौराहा पर राहगीरों व बाजार आने वाले लोगों की सुविधा के लिए ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी द्वारा लगवाया गया जल प्याऊ गर्मी के मौसम में शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीण क्षेत्र में पानी की समस्या के बीच यह प्याऊ पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मथैयापुर चौराहा पर साप्ताहिक बाजार लगती है, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और राहगीर पहुंचते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए लगभग दस माह पहले यहां जल प्याऊ स्थापित कराया गया था, जिस पर करीब 50 से 60 हजार रुपये खर्च किए गए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि जल प्याऊ शुरू होने के बाद मात्र एक माह तक ही संचालित हुआ, इसके बाद तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया। कई बार ब्लॉक प्रमुख से शिकायत करने के बावजूद अब तक इसे दुरुस्त नहीं कराया गया है।
गर्मी बढ़ने के साथ क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में बंद पड़ा जल प्याऊ लोगों के लिए निराशा का कारण बना हुआ है। बाजार आने वाले लोगों और राहगीरों ने प्रशासन व जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द जल प्याऊ चालू कराने की मांग की है, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो लोगों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ेगा।


