
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।
वाराणसी मंडल प्रशासन द्वारा उद्योग जगत और व्यापारियों को उन्नत माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभागार में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन की अध्यक्षता में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा माल-भाड़ा ग्राहक बैठक (Freight Customer Meeting) का आयोजन किया गया। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह सहित वरिष्ठ मंडल वाणिज्य, वित्त, परिचालन, इंजीनियरिंग, यांत्रिक तथा विद्युत विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। व्यापार जगत से एफसीआई, खाद्यान्न, सीमेंट, जैविक खाद एवं उर्वरक कारोबार से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि रेलवे और व्यापार जगत के बीच सहयोग व बेहतर समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि रेलवे की कोशिश है कि माल परिवहन के लिए रेलवे व्यापारियों की पहली पसंद बने। इसके लिए सेवाओं को सुरक्षित, विश्वसनीय और लागत प्रभावी बनाने पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि ट्रकों में ओवरलोडिंग न होने दें, क्योंकि इससे गुड्स साइडिंग में ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा यातायात बाधित होने की समस्या बढ़ती है, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने कहा कि रेलवे और व्यापार समुदाय के बीच आपसी समझ और विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से यह बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और समय पर माल की ढुलाई राष्ट्र की प्रगति से सीधा जुड़ा है। उन्होंने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वाराणसी मंडल की माल ढुलाई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल में वर्तमान में 19 गुड्स लोकेशन और 10 पार्सल लोकेशन हैं। वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई को और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। गुड्स साइडिंग सुधार कार्य सरदार नगर, मैरवा और हथुआ में तेज गति से जारी है। नए माल गोदामों की स्थापना पिपराइच, महराजगंज और टेकनीवास में की जा रही है। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी स्थापना इंदारा, सीवान और कुसमी स्टेशनों पर प्रस्तावित है। व्यापारियों ने रखीं समस्याए और सुझाव बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने सड़क परिवहन की उपलब्धता व किराया, रेलवे भाड़े में रियायत, बिजली कटौती, सुरक्षा, श्रमिकों की कमी के कारण टर्मिनल डिटेंशन/डैमरेज में रियायत जैसी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
मंडल रेल प्रबंधक ने युक्तियुक्त सुझावों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही गुड्स शेड में केवल अधिकृत व्यापारिक ट्रकों की ही प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए लोडिंग/अनलोडिंग पर्ची जारी किए जाने के आदेश भी दिए।
