
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
मुख्य विकास अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हाजीपुरगंग का औचक निरीक्षण किया, जहाँ व्यापक अव्यवस्थाए सामने आईं। निरीक्षण में यह पाया गया कि उपलब्ध जनसंख्या के अनुपात में अस्पताल की OPD/IPD सेवाए बेहद कमजोर हैं। प्रतिदिन केवल 20–25 मरीजों की OPD दर्ज हो रही है, जबकि प्रसव सेवाए पूरी तरह बाधित पाई गईं।निरीक्षण के दौरान कई उपकरण सील-पैक मिले तथा प्रथम तल पर नए बेड व मशीनें अनुपयोगी हालत में मिलीं। अस्पताल परिसर गंदा व अव्यवस्थित पाया गया, जिससे गंभीर लापरवाही का संकेत मिलता है। सीएचसी में सामुदायिक सहभागिता, ग्राम प्रधान के साथ बैठक, तथा स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ भी नहीं की जा रहीं थीं। CDO ने जिम्मेदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।सीएचसी निरीक्षण के बाद अधिकारी कंपोजिट विद्यालय हाजीपुरगंग में आयोजित ग्राम चौपाल में पहुँचे। चौपाल में खंड विकास अधिकारी तेलियानी, ग्राम प्रधान तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय में निर्माणाधीन MDM शेड की उपयोगिता ग्रामीणों को बताई गई तथा दिव्यांग/वृद्धा पेंशन और फॉर्मर रजिस्ट्री से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। पंचायत भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर कार्यवाही आगे बढ़ाने को कहा गया। विद्यालय निरीक्षण में पाया गया कि कक्षा-कक्षों का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है, कई कक्षाओं को एक साथ संचालित किया जा रहा है और समय सारिणी का पालन नहीं हो रहा है। ICT लैब का उपयोग भी अपेक्षित स्तर से कम मिला। प्रधानाध्यापक को तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए। हाजीपुरगंग घाट निरीक्षण में परिसर व स्नानघर की स्वच्छता को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा ग्राम की सरकारी भूमि के जनहितकारी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया गया।

