

आपकी खबरें न्यूज,
लखनऊ संवाददाता।
वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अमिट धरोहर है। उनके योगदान के बिना 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास अधूरा है। यह बात बुधवार को अखिल भारत नागरिक परिषद की ओर से महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में मुख्य वक्ता ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमैन शैलेंद्र दुबे ने कही।
उन्होंने कहा कि 1857 का स्वतंत्रता संग्राम विश्व इतिहास की महान और परिवर्तनकारी घटनाओं में शामिल है। महारानी लक्ष्मीबाई के नेतृत्व और अदम्य साहस ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद की नींव हिला दी थी। 18 जून 1858 को बाबा गंगादास की कुटिया के पास उनकी चिता की ज्वाला स्वतंत्रता संघर्ष की सबसे तेजस्वी ज्वालाओं में से एक थी। उनका जीवन आज भी युवाओं को साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय क्रांतिकारी इतिहास की ऐसी वीरांगना थीं, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत को कड़ी चुनौती दी। ब्रिटिश सेनापति ह्यू रोज ने भी उनकी वीरता की प्रशंसा करते हुए उन्हें विद्रोहियों में सबसे बहादुर और श्रेष्ठ सेनापति बताया था। उनकी वीरगाथाएं आज भी लोकगीतों और जनमानस में जीवंत हैं।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष सुधीर कुमार वर्मा, संरक्षक हरिशरण मिश्र, महामंत्री रीना त्रिपाठी और उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे। समारोह में पत्रकारों को ‘महारानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’ देकर सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों ने ‘खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी’ की भावभूमि पर आधारित नाटिका प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के प्रतिनिधि नागेश, स्थानीय पार्षद कमलेश सिंह, सर्वजनहिताय संरक्षण समिति के संयोजक एचएन पांडेय, सेवानिवृत्त वरिष्ठ सचिवालय अधिकारी प्रकाश चंद्र मिश्र, आदर्श प्रेस लखनऊ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, एंटी करप्शन एंड क्राइम ब्यूरो ऑफ इंडिया (ट्रस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र श्रीवास्तव, अजय तिवारी, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष गीता वर्मा, महामंत्री निशा सिंह, अनिल सिंह, अर्चना शुक्ला, अंशु श्रीवास्तव, दीपाली श्रीवास्तव, उषा त्रिपाठी, अनीशा सिंह, अरुण, प्रीति, सपना मिश्र और सरोजबाला सोनी सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, शिक्षक, कर्मचारी एवं युवा उपस्थित रहे।
