
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फतेहाबाद गांव निवासी प्रेमचंद का 26 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार अपने दोस्तों के साथ किशुनदासपुर स्थित बजरंग चौराहा के पास एक होटल में चाय-नाश्ता करने गया था। बताया जा रहा है कि समोसा खाने के बाद प्रमोद ठंडा पानी पीने के लिए होटल में लगे आरओ के पास गया। इसी दौरान आरओ में विद्युत करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से उसे जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्साधिकारियों ने जांच के बाद प्रमोद को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विच्छेदन गृह भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





