
आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।
दीपावली अमावस्या मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए चित्रकूट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कोतवाली कर्वी पुलिस एवं रेलवे पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख चौराहों और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने धनुष चौराहा से धतुरहा चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन रोड तक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों को निर्देश दिया कि मेला अवधि में रेलवे स्टेशन रोड पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
पैदल गश्त के बाद एसपी ने चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और तलाशी ली गई। उन्होंने जीआरपी एवं आरपीएफ प्रभारियों को रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि दीपावली अमावस्या मेला अवधि में श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। चित्रकूट पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।


