बंगला चौराहे पर लगेगी पं. राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा, पुरानी जेल रोड का नाम बदलेगा-विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
सरोजनीनगर लखनऊ संवाददाता।

सरोजनीनगर क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विभिन्न सामाजिक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों को आश्वस्त करते हुए घोषणा की कि काकोरी कांड के महान क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की भव्य प्रतिमा बंगला चौराहे पर स्थापित कराई जाएगी। साथ ही पुरानी जेल रोड का नाम बदलकर “पंडित राम प्रसाद बिस्मिल मार्ग” रखा जाएगा।
मंगलवार को सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित मुलाकात कार्यक्रम में ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे, अखिल भारत नागरिक परिषद की महामंत्री रीना त्रिपाठी, परशुराम सेवा संस्थान के मुख्य संयोजक अजय तिवारी तथा हाइड्रो इलेक्ट्रिक इम्प्लाइज यूनियन के प्रमुख महामंत्री पी.के. दीक्षित ने विधायक से मुलाकात कर यह मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महान क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल लखनऊ की पुरानी जेल की बैरक नंबर-11 में करीब 18 माह तक रहे थे और यहीं से उन्हें विशेष अदालत में सुनवाई के लिए ले जाया जाता था। उनके ऐतिहासिक योगदान एवं बलिदान की स्मृति में पुरानी जेल रोड का नाम उनके नाम पर किए जाने और बंगला चौराहे पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल सहमति जताई और घोषणा की कि क्षेत्र में जल्द ही पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी तथा सड़क का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा।
घोषणा के बाद सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नई पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और बलिदान की प्रेरणा देने वाला साबित होगा।

error: Content is protected !!