एक माह से अंधेरे में जी रहे पचोखर के ग्रामीण, डीएम से शिकायत के बाद भी नहीं बहाल हुई बिजली

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।

विकास खंड पहाड़ी अंतर्गत ग्राम पंचायत पचोखर के करीब दो दर्जन ग्रामीण पिछले एक माह से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। जिलाधिकारी से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले की बिजली लाइन खंभे के पास से टूट जाने के कारण लगभग एक माह पूर्व से आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। सभी उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद विभागीय लापरवाही के चलते समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
बताया गया कि घटना के दूसरे ही दिन ग्रामीणों ने पहाड़ी पावर हाउस पहुंचकर जेई व एसडीओ को शिकायत दी थी। इसके बाद भी बिजली विभाग द्वारा लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू नहीं कराई गई। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, जिस पर जल्द बिजली बहाल कराने का आश्वासन मिला था।
बिजली न होने से भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पेयजल संकट भी गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीण सुधीर मौर्य, हेमराज, विनय, मुन्ना, त्रियुगीनारायण, शिवपूजन, भोलाराम, गोपीचंद, नत्थू, ललित, अल्पना, रामन सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए तत्काल समस्या समाधान की मांग की है।

error: Content is protected !!