डीएम व एसपी ने किया थाना हुसैनगंज का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।

जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा थानों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना हुसैनगंज का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस कर्मियों में हलचल तेज हो गई और पूरे परिसर में मुस्तैदी दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। थाना कार्यालय में रखे रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि थानों में आने वाले फरियादियों को बेहतर वातावरण और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मालखाने में रखे जब्त सामान की स्थिति भी देखी गई तथा निर्देश दिए गए कि जब्त माल का विधिवत संरक्षण सुनिश्चित किया जाए और अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए।
हवालात का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा एवं साफ-सफाई संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने थाना परिसर की स्वच्छता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और स्वच्छता से आमजन के बीच सकारात्मक संदेश जाता है।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना हुसैनगंज पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए।
इसी क्रम में जनपद के सभी थानों पर भी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा थाना समाधान दिवस आयोजित कर जन शिकायतों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

error: Content is protected !!