बाइक फिसलने से महिला ट्रक की चपेट में आई, मौके पर मौत-मासूम घायल

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बहबलपुर के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार चार वर्षीय मासूम घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कंसाही थाना बकेवर निवासी सुमित्रा देवी (45) पत्नी राकेश सोनकर अपने परिजनों के साथ नौगांव रिस्तेदारी आई हुई थीं। शनिवार भोरपहर वह बाइक से वापस अपने गांव जा रही थीं। जैसे ही सातमील-हुसैनगंज मार्ग स्थित बहबलपुर नायरा पेट्रोल पंप के सामने ऑटो सर्विस सेंटर के पास पहुंचे, तभी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
बाइक गिरते ही पीछे से डलमऊ की ओर से फतेहपुर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक महिला को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे सुमित्रा देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार चार वर्षीय शिवा पुत्र अर्जुन घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि बाइक चालक सत्येंद्र कुमार (18) पुत्र राकेश सोनकर हादसे में सुरक्षित बच गया। सूचना मिलते ही पीआरबी-6447, थाना पुलिस व सीसी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!