ग्रामीणों के लिए लगा विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 252 लोगों की जांच

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय जानकीकुंड के सहयोग से कंपोजिट विद्यालय सकरौली में शनिवार को विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना, अतिथियों के स्वागत एवं बैज अलंकरण के साथ हुआ। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया गया। शिविर की व्यवस्थाएं संयोजक एवं प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव तथा विद्यालय परिवार द्वारा संभाली गईं।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी के सभासद शंकर प्रसाद यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रधान प्रतिनिधि रामनरेश यादव का विशेष सहयोग रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 252 लोगों की नेत्र जांच की, जिसमें 25 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया तथा 102 लोगों को आई ड्रॉप वितरित की गई।
शिविर में बच्चों सहित बुजुर्ग महिला-पुरुषों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। चिकित्सकों ने बच्चों को स्वच्छता, संतुलित पोषण और आंखों की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए काउंसलिंग की। इस दौरान संस्थान की ओर से बच्चों को निःशुल्क ग्लूकोन-डी एवं वाटिका कोकोनट ऑयल वितरित किया गया।
जानकीकुंड ट्रस्ट के निदेशक डॉ. इलेश जैन के निर्देशन में प्रभारी उमाशंकर शुक्ल, विनय यादव, बृजेश यादव, दिलीप कुमार एवं संतोष मिश्रा सहित चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों की जांच कर जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे एवं दवाएं प्रदान कीं तथा गंभीर मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव ने शिक्षकों एवं अतिथियों को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार संभव है। उन्होंने बताया कि विकास पथ सेवा संस्थान भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में संयोजक/प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!