
आपकी खबरें न्यूज।
फतेहपुर संवाददाता।
शहर के बांके बिहारी मंदिर परिसर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का अंतिम दिन गुरुवार को अत्यंत भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की जयकारों से गूंजता रहा।
महोत्सव में मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर अंजनी कुमार एवं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री बांके बिहारी जी एवं राधा रानी की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर एवं जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रसाद भेंट किया गया तथा प्रभु से उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर जनसेवा में सक्रिय रहने की कामना की गई।
श्री बांके बिहारी सेवा समिति के मुख्य सेवादार प्रदीप गर्ग ने सभी आगंतुकों व गणमान्य अतिथियों को सम्मान पत्र एवं प्रसाद देकर सम्मानित किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें शहर व आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में खागा विधायक कृष्णा पासवान, विश्व हिंदू परिषद के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अनिल सिंह गौतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन में अभिनव यादव, अमित शरण बॉबी, अभय गुप्ता, बबलू, सिद्धांत गुप्ता, बबलू सोनी, अमित सोनी, सत्य भगवान, अशोक यादव, राहुल सोनी, तरुण पुरवार, मनीषा, शालिनी, खुशी सैनी, कविता रस्तोगी, रविंद्र सिंह, रिंकू सरदार, सूर्यकांत, आशीष दीक्षित सहित अन्य सेवादारों का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।



